शुकतीर्थ के विकास को 21 करोड़ रुपये की सौगात,15 करोड़ की नई स्वीकृति मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रयासों से धार्मिक स्थलों के विकास को मिलेगी गति
मुजफ्फरनगर।जनपद के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल शुकतीर्थ के विकास के लिए प्रदेश सरकार ने 21 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल के प्रयासों से शुकतीर्थ के विकास के लिए 15 करोड़ रुपये की नई स्वीकृति प्रदान की गई है।इससे पूर्व शुकतीर्थ के लिए पांच करोड़ रुपये तथा कल्लरपुर कचौली स्थित मंदिर के विकास के लिए 1.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं।मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि शुकतीर्थ जनपद की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है,जहां लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है।सरकार का उद्देश्य तीर्थस्थलों का विकास कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और धार्मिक विरासत को संरक्षित करना है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत धनराशि से प्रस्तावित कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।शुकतीर्थ का विकास क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और स्थानीय विकास को नई गति प्रदान करेगा।