सदर बाजार पुलिस ने धोखाधड़ी के वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर फर्जी वेटिंग लेटर बनाकर कंपनी को कराया ब्लैकलिस्ट
सहारनपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने धोखाधड़ी के मुकदमे में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को वादी संजय कुमार, निदेशक स्वानिक वेंचर प्राइवेट लिमिटेड सहारनपुर ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि अभियुक्त हर्षित उप्पल पुत्र कुलदीप उप्पल निवासी BL-87 दीनदयाल नगर फेस प्रथम, MDA मुरादाबाद, थाना मंझौला ने धोखाधड़ी से फर्जी व कूटरचित वेटिंग लेटर तैयार कर उन्हें उपलब्ध कराया है। इस संबंध में थाना सदर बाजार पर मु.अ.सं. 134/26 धारा 318(4)/338/336(3)/340(2) BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नेमचंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियुक्त हर्षित उप्पल को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में किया खुलासा
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वर्ष 2023 में वह ऑटोमोटिव स्किल डेवलपमेंट काउंसिल (ASDC) दिल्ली में लीड ऑटोसेल्स एंड ड्राइविंग ट्रेनिंग के पद पर कार्यरत था, जहाँ से जनवरी 2024 में उसने नौकरी छोड़ दी थी। उसकी स्वानिक वेंचर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक प्रियेश गर्ग से व्हाट्सएप पर कंपनी की DPR की वेटिंग को लेकर बात हुई थी। प्रियेश गर्ग ने अपने मोबाइल से उसे वेटिंग लेटर से संबंधित कागजात भेजे थे। आरोप है कि अक्टूबर 2024 में लालच में आकर उसने एक फर्जी वेटिंग लेटर तैयार कर भेज दिया, जिसके कारण कंपनी ब्लैकलिस्ट हो गई और उसे मिलने वाली करीब 2.5 करोड़ रुपये की सब्सिडी नहीं मिल पाई।