संपूर्ण समाधान दिवस में 268 शिकायतें, 32 का मौके पर निस्तारण
खागा/फतेहपुर। तहसील परिसर स्थित सभागार कक्ष में शनिवार को उपजिलाधिकारी अश्वनी पांडेय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न समस्याओं को लेकर कुल 268 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। समाधान दिवस में बिजली, सड़क, आवास, चकमार्ग, पूर्ति विभाग, विकास विभाग, पीडब्ल्यूडी, चकबंदी, भूमि पर जबरन कब्जा, जल निकासी, चकरोड पर कब्जा और सरकारी जमीन से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी अश्वनी पांडेय ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने शासन से प्राप्त शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए तत्परता से कार्य करने को कहा। इस मौके पर सीओ रवि प्रकाश सिंह, तहसीलदार पीयूष कुमार, नायब तहसीलदार, नगर पंचायत खागा की अधिशासी अधिकारी देवहूति पांडेय, नगर पंचायत धाता के अधिशासी अधिकारी प्रवेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी ऐरायां अशोक कुमार सिंह, एडीओ पंचायत अर्पण अग्रवाल, ऐरायां कृषि अधिकारी देवेंद्र मिश्रा, खंड शिक्षाधिकारी विजयीपुर रजनीश श्रीवास्तव, खंड शिक्षाधिकारी हथगांव, लिपिक अजीत सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी आशीष पांडेय, कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय, खखरेरू थाना अध्यक्ष सतपाल, एसआई अखिलेश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सभी थानों के उपनिरीक्षक मौजूद रहे।