स्कॉलर्स होम कोचिंग इंस्टीट्यूट में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनी गांधी व शास्त्री जयंती
बढ़नी (सिद्धार्थनगर), 02 अक्टूबर 2026:कस्बा स्थित स्कॉलर्स होम कोचिंग इंस्टीट्यूट में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अत्यंत श्रद्धा, गरिमा और उत्साह के साथ मनाई गई।कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संस्थान के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान पूरा परिसर महापुरुषों के अमर जयकारों और राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा।जयंती समारोह के अवसर पर विद्यार्थियों ने भाषण, ओजस्वी कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए बापू के सत्य, अहिंसा व स्वच्छता के सिद्धांतों को रेखांकित किया। साथ ही छात्रों ने शास्त्री जी के 'जय जवान, जय किसान' के अमर उद्घोष, उनकी सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के संदेश को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने बच्चों को दोनों महापुरुषों के उच्च आदर्शों को आत्मसात कर देश सेवा के मार्ग पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।इस पावन अवसर पर संस्थान के ज्योतिष्मय श्रीवास्तव, शशांक पांडेय, सज्जाद खान, अनुराधा श्रीवास्तव, अरशद खान, राजन मौर्य एवं दुर्गा प्रसाद वर्मा सहित समस्त शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।