रामकृष्ण सेवाश्रम हॉस्पिटल में निःशुल्क परामर्श शिविर आयोजित
मीरजापुर । नगर पालिका मिर्जापुर एवं रामकृष्ण सेवाश्रम हॉस्पिटल के संयुक्त सहयोग से सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शनिवार को रामकृष्ण सेवाश्रम हॉस्पिटल ओझला पुल के पास
में निःशुल्क परामर्श एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने किया।
शिविर में कुल 211 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें 77 महिलाएं एवं 134 पुरुष शामिल रहे। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना था।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया मरीजों का परीक्षण एवं परामर्श
शिविर में रामकृष्ण सेवाश्रम हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. दिग्विजय मिश्रा, जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. विवेक यादव एवं डॉ. विकास कांबले तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मिता सिंह ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
निःशुल्क जांच की भी रही सुविधा
शिविर में निःशुल्क ओपीडी परामर्श के साथ आंखों की जांच, चश्मे की जांच तथा विभिन्न पैथोलॉजी जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इनमें ब्लड शुगर (RBS), हीमोग्लोबिन, यूरिक एसिड, सीरम क्रिएटिनिन, बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) एवं लीवर फंक्शन टेस्ट (LFT) शामिल रहे।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी जी ने जनहित में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन के माध्यम से आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की पहल की।
रामकृष्ण सेवाश्रम हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। अस्पताल भविष्य में भी जनसेवा की भावना से ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अंत में अस्पताल प्रबंधन ने नगर पालिका मिर्जापुर, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।