पासी जन जागृति संघ की बैठक में शिक्षा और संवैधानिक अधिकारों पर चर्चा
फतेहपुर। भगवंतपुर में सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता मन्नू पासी के नेतृत्व में पासी जन जागृति संघ की बैठक आयोजित की गई। इसमें समाज की शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक स्थिति के साथ संवैधानिक अधिकारों एवं आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
मन्नू पासी ने कहा कि शिक्षा समाज की उन्नति का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को अपनाने और सामाजिक एकता मजबूत करने पर जोर दिया। अधिवक्ता धीरेन्द्र बहादुर ने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। जगतपाल पासी ने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और जरूरतमंद विद्यार्थियों को मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की बात कही। बैठक में युवाओं को आगे बढ़ाने, आर्थिक स्थिति सुधारने और समाज को संगठित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। इस मौके पर सुनील कुमार, बलराम, मथुरा प्रसाद, वरिष्ठ अधिवक्ता रामसनेही, अनिल, अतुल, जयप्रकाश, दीपक, शुभांशु और लालसिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।