- प्रताप नगर तिराहे पर दुकान के सामने खड़ी स्प्लेंडर प्लस लेकर फरार हुआ अज्ञात व्यक्ति
असोथर/फतेहपुर।
नगर पंचायत असोथर के प्रताप नगर तिराहे पर वार्ड नंबर नौ में दुकान के सामने खड़ी बाइक दिनदहाड़े चोरी हो गई। घटना पास के साहू मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने असोथर थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई और बाइक बरामदगी की मांग की है।
मुंजी कुआं सरकंडी निवासी अरुण कुमार पुत्र रामनाथ ने बताया कि 18 अक्टूबर को उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (यूपी 71 एम 8827) दुकान के सामने खड़ी की थी। शाम चार से छह बजे के बीच जब वह बाहर आए तो बाइक गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद पास के साहू मेडिकल स्टोर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। पीड़ित के मुताबिक, फुटेज में शाम करीब 5:43 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक ले जाता दिखाई दे रहा है। मुख्य बाजार में दुकान के सामने से बाइक चोरी होने की घटना ने स्थानीय दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और चोरी हुई बाइक बरामद करने की चुनौती है। फिलहाल पीड़ित को पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।