पुरानी पेंशन बहाली और शिक्षकों की सुरक्षा पर सपा का बड़ा दांव, भाजपा पर बरसे डॉ. मान सिंह यादव ,- वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय और सेवा सुरक्षा दिलाना प्राथमिकता
फतेहपुर। शहर के शादीपुर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में रविवार को शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव ने प्रेसवार्ता कर शिक्षकों, कर्मचारियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाल करने, शिक्षामित्रों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने और वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय व सेवा सुरक्षा उपलब्ध कराने का वादा दोहराया। उन्होंने कहा कि चुनाव मुद्दों के आधार पर लड़ा जाएगा।
प्रेसवार्ता की शुरुआत लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई। डॉ. यादव ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने जीवनभर जनहित और लोकतंत्र की मजबूती के लिए संघर्ष किया। 23 अक्टूबर को होने वाले स्नातक एमएलसी चुनाव का जिक्र करते हुए डॉ. यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी को अपने दल में शामिल कर उम्मीदवार बनाया, जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। डॉ. यादव ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने का वादा किया है। साथ ही करीब 1.76 लाख शिक्षामित्रों को समान कार्य के लिए समान वेतन तथा वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय और सेवा सुरक्षा देने की बात कही है। भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने दरोगा भर्ती, वीडीओ, असिस्टेंट और नीट परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं का आरोप लगाया। कहा कि इससे युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने सपा सरकार के दौरान वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय के लिए 200 करोड़ रुपये की व्यवस्था और शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष किए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर शिक्षकों-कर्मचारियों के हितों की रक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा। प्रेसवार्ता में संतोष द्विवेदी, वीरेंद्र यादव, दयालु गुप्ता, विपिन यादव, दलजीत निषाद, बाबू सिंह कुशवाहा, अब्दुल राफ़े, डॉ. अफसर अली, महफूज खान, केदार यादव सहित अन्य सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।