पीडीए के घोषणा पत्र पर अखिलेश यादव को घेरा, मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने का लगाया आरोप
फतेहपुर।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को फतेहपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव की ओर से 26 नवंबर को पीडीए का घोषणा पत्र जारी करने के ऐलान पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा, “100-100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।”
उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की सरकार के दौरान डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का बोर्ड हटाया गया और उसका नाम बदला गया। उन्होंने कहा कि ऐसे में अखिलेश यादव बाबा साहब के अनुयायी होने और दलितों-पिछड़ों के हितैषी होने का दावा कैसे कर सकते हैं। मौर्य ने पीडीए के मुद्दे पर सपा की राजनीति पर सवाल उठाते हुए विपक्ष को घेरने की कोशिश की। उन्होंने राहुल गांधी के आंदोलन को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि विदेशी शक्तियों के इशारे पर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता की अदालत में नकारे गए लोग आंदोलनों के जरिए राजनीतिक माहौल खराब करना चाहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे आंदोलनों से क्या राहुल गांधी प्रधानमंत्री और अखिलेश यादव दोबारा मुख्यमंत्री बन पाएंगे? मौर्य ने विपक्ष पर तख्तापलट जैसी सोच रखने का आरोप भी लगाया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे सीजेपी आंदोलन पर भी उप मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस मांग को बकवास बताते हुए इसके पीछे विदेशी शक्तियों की साजिश होने का आरोप लगाया। मौर्य ने कहा कि कुछ लोगों को भारत की प्रगति सहन नहीं हो रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने इस आंदोलन को नकार दिया है और यह फ्लॉप शो साबित हुआ है। फतेहपुर में उप मुख्यमंत्री के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में पीडीए, विपक्षी आंदोलनों और चुनावी मुद्दों को लेकर सियासी बयानबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।