मीरजापुर में पीएम सूर्य घर योजना को गति देने की पहल तेज
मीरजापुर । प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को विकास भवन में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) और फर्स्टव्यू ने यूपीनेडा के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें जिला प्रशासन, बैंक, बिजली विभाग, सोलर वेंडर और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने योजना के प्रचार-प्रसार, सब्सिडी, ऋण और सोलर स्थापना पर चर्चा की।
मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने कहा कि योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय और आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण जरूरी है। जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने ग्राम एवं ब्लॉक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की बात कही। यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि रूफटॉप सोलर से उद्योगों की बिजली लागत कम हो सकती है। वहीं, इंडियन बैंक के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आनंद कुमार झा ने पात्र आवेदकों को ऋण सुविधा देने की बात कही।
यूपीनेडा के नोडल अधिकारी ने बताया कि मीरजापुर में अब तक 10 हजार से अधिक रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं और 800 से अधिक लगाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने नागरिकों से आधिकारिक पोर्टल और पंजीकृत वेंडरों के माध्यम से आवेदन करने की अपील की।
आयोजकों ने बताया कि उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो 2026 का आयोजन 4 से 6 दिसंबर तक वाराणसी के दीनदयाल हस्तकला संकुल में होगा। इसमें सौर ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, पीएम-कुसुम, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और स्वच्छ ऊर्जा पर चर्चा होगी। इस जागरूकता श्रृंखला का अगला कार्यक्रम 15 अक्टूबर को गाजीपुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में PHDCCI के वरिष्ठ रेजिडेंट ऑफिसर शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने सभी का आभार व्यक्त किया।