मंगलसूत्र छिनैती का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
मीरजापुर । कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को खड़ंजा फाल मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में मंगलसूत्र छिनैती के शातिर आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी की पहचान धौरूपुर निवासी शिवम चौहान (23) पुत्र स्व. कृष्ण मुरारी के रूप में हुई है। मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल मीरजापुर में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम एवं छिनैती में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम को यह बड़ी सफलता मिली।
दिनांक 19.10.2026 को थाना कोतवाली देहात पुलिस खड़ंजा फाल के रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। तभी एक काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो वह बिना रुके तेज गति से खड़ंजा फाल की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी की तो अभियुक्त ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ सीमित जवाबी फायरिंग की गई जिसमें अभियुक्त घायल होकर गिर पड़ा।
जामा तलाशी में उसके पास से 01 अदद देशी तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा व 01 खोखा कारतूस .315 बोर तथा पैंट की जेब से पीली धातु की मंगलसूत्र बरामद हुई। घटना में प्रयुक्त काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट के मौके से गिरी हुई हालत में मिली।
अभियुक्त से पूछताछ में उसने बताया कि दिनांक 16.10.2026 को शाम करीब 7-8 बजे RTO ऑफिस से पहले पहाड़ी गांव के पास एक महिला जो लालगंज की तरफ स्कूटी से जा रही थी, उसके गले से मंगलसूत्र और चेन अपने एक सहयोगी साथी के साथ मिलकर छीनी थी। चेन उसने अपने सहयोगी को दे दी थी और मंगलसूत्र लेकर आज जा रहा था तभी पकड़ा गया।