मेडिकल कॉलेज में महिला की मौत पर परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप - डिलीवरी के लिए भर्ती 26 वर्षीय महिला की ऑपरेशन के बाद मौत, पति ने एसपी से एफआईआर की करी मांग
फतेहपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रसव के लिए भर्ती 26 वर्षीय महिला की ऑपरेशन के बाद मौत हो गई। मामले में मृतका के पति अमित शुक्ला ने चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही और परिजनों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज कराने और कार्रवाई की मांग की है।ग्राम ऊंचालेश्वर, थाना इरोजगंज निवासी अमित शुक्ला के अनुसार, उनकी पत्नी प्रतीक्षा शुक्ला को दो अक्टूबर को प्रसव पीड़ा होने पर करीब 10 बजे सदर अस्पताल फतेहपुर ले जाया गया था। वहां चिकित्सकों की सलाह पर अल्ट्रासाउंड कराया गया, जिसके बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पति के मुताबिक, करीब 11ः30 बजे मेडिकल कॉलेज में पत्नी को भर्ती किया गया और ऑपरेशन से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। करीब 12ः30 बजे ऑपरेशन हुआ। अमित शुक्ला का आरोप है कि ऑपरेशन के करीब 25 मिनट बाद परिजनों को बच्चे के जन्म की जानकारी दी गई, लेकिन पत्नी की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने मरीज से मिलने और उपचार की स्थिति जानने का प्रयास किया, लेकिन कथित रूप से उन्हें जानकारी नहीं दी गई। इस दौरान अस्पताल कर्मचारियों से कहासुनी और अभद्रता होने का भी आरोप लगाया गया है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, बाद में महिला को ऑक्सीजन आदि लगाकर रेफर किए जाने की बात कही गई, लेकिन परिजनों को रेफर से संबंधित स्पष्ट कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए। पति ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद करीब तीन बजे तक पत्नी की हालत गंभीर रही, इसके बावजूद अपेक्षित उपचार और निगरानी नहीं की गई। अमित शुक्ला ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की भूमिका की जांच कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।