कंपोजिट विद्यालय मुहकुचवा में मिशन शक्ति फेज-6 का आगाज, बालिकाओं को बताया अधिकारों का पाठ
मीरजापुर । मिशन शक्ति फेज-6 के तहत कंपोजिट विद्यालय मुहकुचवा में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। छात्रों ने नुक्कड़ नाटक, गीत और रैली के माध्यम से महिला सुरक्षा, बाल अधिकार, दहेज प्रथा व घरेलू हिंसा के खिलाफ संदेश दिया। रैली में बच्चों ने हेल्पलाइन नंबरों की तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव ने बच्चों को पढ़ाई, अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी हिंसा की स्थिति में चुप न रहने की सलाह दी। महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर मंजू यादव ने कन्या सुमंगला व बाल सेवा योजना की जानकारी दी और बच्चों को कैप-बैज देकर सम्मानित किया। इस दौरान निरीक्षक अमृता सिंह, उपनिरीक्षक लक्ष्मी यादव, सविता सरोज, हेड कांस्टेबल सीमा यादव सहित पुलिस व महिला कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी रचना पाठक ने किया, जबकि प्रधानाध्यापिका नमिता सिंह सहित पूरे विद्यालय परिवार का सहयोग रहा।