जनगणना के फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में जीडी बिन्नानी महाविद्यालय के सभागार में 7 से 9 अक्टूबर तक जनगणना द्वितीय चरण के फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रियाओं, प्रपत्रों और दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए शुद्धता, पारदर्शिता, समयबद्धता एवं त्रुटिरहित सूचनाएं एकत्र करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि फील्ड ट्रेनर अपने अधीनस्थ प्रगणकों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित करें तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का निर्धारित नियमों के अनुसार समाधान करें।
उन्होंने बताया कि 16 से 30 नवम्बर 2026 तक स्वगणना की जाएगी। इस बार जनगणना में परिवारों के सूचीकरण के साथ सभी सदस्यों की जानकारी और जातिगत जनगणना को भी शामिल किया गया है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह, प्रशिक्षक एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।