जनगणना-2027 के फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम दो बैचों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
फतेहपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए जनपद में चयनित फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम दो बैचों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। 7 से 9 अक्टूबर तक आयोजित प्रशिक्षण विश्वविद्यालय परिसर स्थित ठा. युगराज सिंह लॉ कॉलेज, फतेहपुर में कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान अपर उप जिलाधिकारी एवं प्रभारी जनगणना अधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए जनगणना-2027 के द्वितीय चरण तथा आगामी जनसंख्या गणना प्रक्रिया (पीई) के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना कार्य को व्यवस्थित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसमें मोबाइल एप्लीकेशन के संचालन, गणना प्रक्रिया, प्रपत्रों के प्रयोग, आंकड़ों के संकलन, गणना कार्य की तकनीकी प्रक्रिया तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षणार्थियों को मोबाइल आधारित गणना प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्य करने की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी एवं तकनीकी दक्षता का उपयोग आगामी चरण में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रभावी प्रशिक्षण देने में करें। उन्होंने कहा कि फील्ड ट्रेनर्स की भूमिका जनगणना प्रक्रिया में महत्वपूर्ण है, इसलिए उन्हें सभी प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं की पूरी जानकारी हासिल कर अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा विभिन्न विषयों को उदाहरणों एवं व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से समझाया गया। प्रशिक्षणार्थियों की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान भी किया गया, ताकि आगामी चरण में उन्हें फील्ड स्तर पर कार्य करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी, मास्टर ट्रेनर्स तथा प्रशिक्षणार्थी फील्ड ट्रेनर्स उपस्थित रहे। जनगणना अधिकारियों ने प्रशिक्षण को जनगणना-2027 के आगामी कार्यों की तैयारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।