हथगाम में 55 लाख के पटाखे बरामद, लाइसेंस से अधिक भंडारण पर एक गिरफ्तार - दीपावली से पहले पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, नई प्लाटिंग में छिपाकर रखे गए थे 57.83 क्विंटल पटाखे
फतेहपुर। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में हथगाम पुलिस, राजस्व विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को थाना क्षेत्र के अहिंदा गांव में शुभम आइसक्रीम फैक्ट्री के बगल में स्थित नई प्लाटिंग पर छापा मारकर करीब 55 लाख रुपये कीमत के 57.83 क्विंटल विभिन्न ब्रांड के पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर अवैध विस्फोटक पदार्थों के भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर नायब तहसीलदार खागा, हथगाम पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। मौके पर 183 गत्तों, 12 बोरियों, आठ पॉलीथीन और एक प्लास्टिक बैग में रखे पटाखे बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार पुत्र शिवशंकर साहू निवासी अल्लीपुर बहेरा, थाना सुल्तानपुर घोष, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पास पटाखों और फुलझड़ियों के भंडारण के लिए 100 किलोग्राम तक का लाइसेंस है, लेकिन दीपावली पर बिक्री के उद्देश्य से उसने निर्धारित सीमा से अधिक पटाखे जमा कर रखे थे। इस मामले में हथगाम थाने में मुकदमा अपराध संख्या 202/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 5/9(ख) में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने पटाखा विक्रेताओं और आमजन से अपील की है कि पटाखों का भंडारण निर्धारित लाइसेंस सीमा के भीतर करें और सुरक्षा मानकों का पालन करें। निर्धारित सीमा से अधिक पटाखे रखने पर आग लगने या विस्फोट जैसी गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
कार्रवाई में नायब तहसीलदार प्रतिमा द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक उत्कर्ष मिश्रा, आलोक कुमार और राजन कन्नौजिया, मुख्य आरक्षी दीपक कुमार और आरक्षी रवि कुमार, विजय कुमार, विपिन यादव, रिजर्व आरक्षी पवन यादव, श्याम मौर्य और रवि प्रकाश यादव तथा अग्निशमन विभाग खागा के हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र मिश्रा व आरक्षी अजीत मालीकार शामिल रहे।