घुघाल मेले को बदनाम करने की साजिश, अंधेरी रात में तीन हलवा-पराठा दुकानदार होटल उखाड़कर फरार
सहारनपुर। घुघाल मेले में देर रात सनसनीखेज मामला सामने आया है। मेले को बदनाम करने की नीयत से तीन हलवा-पराठा की दुकान लगाने वाले दुकानदार अंधेरे का फायदा उठाकर अपने पूरे होटल उखाड़कर भाग गए।
बताया जा रहा है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि मेले और मेला ठेकेदार सन्नी गुप्ता की छवि खराब करने के लिए रची गई सोची-समझी राजनीतिक साजिश है।
पुलिस फोर्स की मौजूदगी पर उठे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि मेले में भारी पुलिस बल तैनात होने के बावजूद दुकानदार कैसे चोरी-छिपे अपना पूरा टेंट-होटल उखाड़कर ले जाने में कामयाब हो गए। इससे मेला परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार इस घटना से मेला ठेकेदार को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
12 लाख वाला होटल भी रातों-रात गायब
जानकारी के मुताबिक फरार होने वालों में सहारनपुर के अनवर खान वारसी का होटल भी शामिल है, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। अनवर वारसी का होटल भी रातों-रात उखाड़ लिया गया, जिससे ठेकेदार को सीधा नुकसान पहुंचा है।
मुकदमा दर्ज करने की मांग
स्थानीय लोगों और मेला व्यापारी संघ ने इसे मेले को बदनाम करने की साजिश बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि संबंधित दुकानदारों के खिलाफ धोखाधड़ी और नुकसान पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। मेला ठेकेदार सन्नी गुप्ता की ओर से अभी तक लिखित शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नुकसान को देखते हुए कार्रवाई और भरपाई की मांग जायज मानी जा रही है।