National
गांधी-शास्त्री जयंती पर डीएम ने सफाई कर्मचारियों संग किया ध्वजारोहण शहीद की पत्नी, प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों और क्षय रोगियों को किया सम्मानित
झांसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सफाई कर्मचारियों के साथ ध्वजारोहण किया। इसके बाद महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण एवं माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री सादगी, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल थे। उनके आदर्शों को अपनाना ही दोनों महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि वे सरकारी सेवा में हैं, इसलिए सेवा भाव से कार्य करना चाहिए।इस दौरान जिलाधिकारी ने कारगिल युद्ध में शहीद सैनिक की धर्मपत्नी को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया। सेवा संकल्प अभियान और सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और नियमित दवा लेने की सलाह दी।जिलाधिकारी ने जिला कारागार में बंदियों एवं बच्चों को फल-मिष्ठान वितरित किए तथा बच्चों को खिलौने दिए। वहीं कुष्ठ आश्रम में मरीजों को फल एवं निःशुल्क दवाएं वितरित करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में राजकीय सूरज प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रामधुन एवं गांधी जी के जीवन पर आधारित गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी, एडीएम नमामि गंगे योगेन्द्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट योगेश्वर सिंह, एडीएम न्याय अरुण कुमार गौड़, मुख्य कोषाधिकारी प्रदीप कुमार सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।