National
गांधी जयंती पर लिया स्वच्छता व सेवा का संकल्प
झांसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर अक्षय जन सेवा समिति एवं आर्यन मेकअप मंत्रा के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित कर महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया।इस अवसर पर अक्षय जन सेवा समिति की अध्यक्ष सविता पचौरी ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा को अपने जीवन का आधार बनाया। गांधी जयंती केवल उन्हें याद करने का दिन नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने व्यवहार में उतारने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए आगे आना चाहिए।कार्यक्रम में आर्यन मेकअप मंत्रा के संचालक हेमंत कुशवाहा ने कहा कि गांधी जी का स्वच्छता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। स्वच्छ समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को गांधी जी के विचारों से प्रेरणा लेकर सामाजिक सेवा एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वच्छता, सामाजिक सेवा, आपसी भाईचारे और समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी के विचारों को आत्मसात कर ही समाज में स्थायी परिवर्तन लाया जा सकता है। कार्यक्रम में संजीव विश्कर्मा, तरुण कुमार, इंजी. मयंक श्रीवास्तव, भरत कुशवाहा, हरिनाम, देवेंद्र, जय, मनीष, संजय, एमआई सर,रिंकी, प्रेमलता, प्रियंका, गायत्री, शिल्पी, मिनी, नेहा आदि सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।