भैरवां खुर्द में 11 हजार वोल्ट का तार गिरने से धान की फसल में लगी आग - जर्जर बिजली लाइन से किसानों में दहशत, पहले भी करंट की चपेट में आकर झुलस चुका है किसान अजय मौर्य
प्रेमनगर/फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के भैरवां खुर्द मजरे मंडवा गांव में जर्जर 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन किसानों के लिए मुसीबत बनी हुई है। आए दिन तार टूटकर गिरने से खेतों में खड़ी फसलों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामले में बिजली का तार धान की खड़ी फसल पर गिरने से आग लग गई, जिससे किसानों की मेहनत और आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, किसान अजय मौर्य पहले भी 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से बुरी तरह झुलस चुके हैं। उन्हें कई महीनों तक इलाज कराना पड़ा था। इसके बावजूद विद्युत लाइन की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर तारों की समस्या को लेकर बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। खेतों के ऊपर से गुजर रही जर्जर लाइन के कारण किसानों को हर समय फसल जलने और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर 11 हजार वोल्ट की लाइन की मरम्मत कराने और जरूरत के अनुसार पुराने तार बदलवाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। अब सवाल यह है कि बार-बार शिकायतों और घटनाओं के बावजूद बिजली विभाग कब जागेगा? किसानों ने जल्द समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि उनकी फसल और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।