भाकियू की मासिक बैठक में किसानों की समस्याओं पर चर्चा - आवास, बिजली और राजस्व से जुड़े मुद्दे उठे, अधिकारियों को सौंपे ज्ञापन
हथगामध्फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की हथगाम ब्लॉक इकाई की मासिक बैठक शनिवार को युवा ब्लॉक अध्यक्ष गुफरान के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में भाकियू जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह यादव भी शामिल हुए। किसानों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं उठाते हुए उनके समाधान की मांग की।किसानों ने बताया कि आवास योजना की सूची में कई पात्र परिवारों के नाम शामिल नहीं हैं, जबकि अपात्रों के नाम सूची में दर्ज हैं। उन्होंने पात्र परिवारों का दोबारा सर्वे कराकर योजना का लाभ दिलाने की मांग की। इसके अलावा ब्लॉक में तैनात दो पंचायत सचिवों पर कार्य में लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई। बिजली की समस्या को लेकर किसानों ने गलत बिलिंग, खराब ट्रांसफार्मर और विद्युत आपूर्ति में आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया। बैठक के बाद किसानों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। वहीं, ऐरायां ब्लॉक के भाकियू अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह और युवा अध्यक्ष दीपक मौर्य के नेतृत्व में किसानों ने थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के दावतपुर मोड़ स्थित कार्यालय पर राजस्व निरीक्षक राजकुमार गुप्ता को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। इसमें प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों वाले किसानों को सरकारी सहायता दिलाने, फसलों के लिए खाद उपलब्ध कराने और बढ़े हुए बिजली बिलों को दुरुस्त कराने की मांग की गई। किसानों ने नौबस्ता गंगा घाट पर अंतिम संस्कार के लिए बनाए गए स्ट्रक्चर का विस्तार कराने तथा मंडवा ग्राम सभा के मैनपुरी गंगा तट पर बने श्मशान घाट तक रास्ता बनवाने की भी मांग की। किसानों का कहना है कि रास्ता नहीं होने के कारण अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।