Sports
Asian Games 2026: साक्षी चौधरी ने पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता विलेगास को 5-0 से हराया
निशियो (जापान): भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में बड़ा उलटफेर किया। साक्षी ने फिलीपींस की पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता आइरा विलेगास को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
तीनों राउंड में साक्षी का दबदबा
राउंड ऑफ-32 के मुकाबले में साक्षी ने अपनी लंबाई और रीच का बेहतरीन इस्तेमाल किया। शुरुआती दौर में उन्होंने जैब के जरिए दूरी बनाए रखी और मुकाबले पर नियंत्रण कायम किया। दूसरे राउंड में भारतीय मुक्केबाज ने आक्रामकता बढ़ाते हुए लगातार सटीक पंच लगाए।
विलेगास ने जवाबी हमले की कोशिश की और कुछ प्रभावी लेफ्ट हुक भी लगाए, लेकिन साक्षी की बढ़त को चुनौती नहीं दे सकीं। पांचों जजों ने तीनों राउंड में साक्षी के पक्ष में 10-9 का स्कोर दिया, जिससे भारतीय मुक्केबाज ने 5-0 से मुकाबला अपने नाम किया।
अगले मुकाबले में विश्व चैंपियन से टक्कर
इस जीत के साथ साक्षी ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अब उनका सामना गुरुवार को कजाकिस्तान की अलुआ बाल्किबेकोवा से होगा, जो 51 किग्रा वर्ग की मौजूदा विश्व चैंपियन हैं।
कॉमनवेल्थ गेम्स में भी जीता था गोल्ड
साक्षी चौधरी हाल में कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने 51 किग्रा वर्ग में आने के बाद भारतीय चयन ट्रायल में दो बार की विश्व चैंपियन निखत जरीन को भी हराया था।