अनियंत्रित पिकअप पलटी, नौ मजदूर जख्मी
मीरजापुर। स्थानिय क्षेत्र के तलरे गांव के पास राजगढ़-चुनार मोड़ पर पिकअप पलटने से नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस एवं ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया गया। इसमें से दो की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी के बाबतपुर से एक पिकअप में सवार होकर दस मजदूर रविवार को सोनभद्र जनपद के करमा थाना क्षेत्र के टिकुरिया गांव आए थे। मिर्चा के फसल की गुड़ाई करने के लिए गुड़ाई मशीन खरीद कर सभी लोग पिकअप से देर रात वापस वाराणसी जा रहे थे। जैसे ही राजगढ़ थाना क्षेत्र के तलरे गांव के पास पहुंचे, तभी राजगढ़ चुनार मार्ग के तीव्र मोड़ पर पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।हादसे में नौ मजदूर पिकअप में दबने से जख्मी हो गए। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचकर सभी घायलो को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घायलों में 53 वर्षीय विजय मिस्त्री निवासी बसही वाराणसी, 50 वर्षीय राधे निवासी धामपुर वाराणसी, 37 वर्षीय महेंद्र निवासी बहुआरा वाराणसी, 55 वर्षीय अशोक निवासी पचरासी वाराणसी, 48 वर्षीय राजेश कुमार निवासी लखमापुर वाराणसी, 17 वर्षीय बाबू निवासी पचरासी वाराणसी, 33 वर्षीय प्रिंस कुमार निवासी खतौरा वाराणसी, 32 वर्षीय बृजेश निवासी पचरासी वाराणसी, 25 वर्षीय निखिल निवासी धामपुर वाराणसी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद विजय मिस्त्री व राधे की हालत गंभीर देख चिकित्सक दोनों को टामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिए। दोनो घायलो को एए एम्बुलेंस के चालक पवन कुमार, एएमटी अरविंद कुमार ने ट्रामा सेंटर वाराणसी में भर्ती कराया। थाने के प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि पिकअप पलटने से नौ मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ भर्ती कराया गया।