अनूप कुमार द्विवेदी निवासी असोथर सहित 2 अन्य जनपद के आरोपी गिरफ्त में हथगाम पुलिस ने 19 किलो गांजा, महिंद्रा टीयूवी और कूटरचित नंबर प्लेट बरामद की
हथगाम/फतेहपुर।
ओडिशा से गांजा लाकर फतेहपुर और आसपास के जिलों में सप्लाई करने के मामले में हथगाम पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 19 किलो 30 ग्राम गांजा, महिंद्रा टीयूवी, दो मोबाइल फोन, 720 रुपये नकद और कूटरचित हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को अमिलिहापाल से चक आरजीपाल जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध टीयूवी को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन रोक लिया। तलाशी में गाड़ी के पिछले हिस्से में मैट के नीचे बोरी में छिपाए गए गांजे के 10 पैकेट मिले। वहीं, आगे की सीट के पायदान के नीचे से कूटरचित नंबर प्लेट बरामद हुई। जांच में प्लेट पर अंकित नंबर ओडिशा में पंजीकृत एक मोटरसाइकिल का पाया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिरुद्ध यादव उर्फ पंकज निवासी कानपुर नगर, अनुभव तिवारी निवासी बांदा और अनूप कुमार द्विवेदी निवासी असोथर, फतेहपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से गांजा लाकर फतेहपुर और आसपास के क्षेत्रों में बेचने की बात बताई। 16 अक्टूबर को लाए गए गांजे का कुछ हिस्सा रविवार को बांदा में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। आरोपी रास्ते की जानकारी जुटाने और एक-दूसरे से संपर्क बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते थे। पुलिस को गांजे की खरीद, परिवहन और भंडारण में अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में भी जानकारी मिली है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। हथगाम थाने में तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, अनिरुद्ध यादव और अनुभव तिवारी के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज होने का विवरण सामने आया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उत्कर्ष मिश्रा, अखिलेश यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।