आठ वर्षीय छात्र से स्कूल में काम कराने का आरोप - विरोध पर पिटाई की डीएम से हुई शिकायत
फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक निजी स्कूल में आठ वर्षीय छात्र से कथित तौर पर पढ़ाई के अलावा काम कराने और विरोध करने पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र की नानी भानमती पत्नी राधेश्याम लोधी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार, भानमती का आठ वर्षीय नाती अर्पित उनके साथ रहकर पढ़ाई करता है और जय श्रीराम प्रसाद आदर्श विद्या मंदिरध्खुराना पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत है। नानी का आरोप है कि स्कूल में छात्र से पढ़ाई के अलावा अन्य काम कराया जाता है। काम करने से मना करने पर उसके साथ कथित रूप से मारपीट की जाती है और स्कूल से निकालने की धमकी दी जाती है। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि तीन अक्टूबर को स्कूल में तैनात रंजीत नामक व्यक्ति ने छात्र से कुर्सी लाने को कहा। छात्र ने कई बार कुर्सी लाकर दी। चैथी बार कुर्सी लाने को कहने पर उसने कुर्सी का वजन अधिक होने की बात कहते हुए असमर्थता जताई। आरोप है कि इससे नाराज होकर रंजीत ने छात्र के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट लग गई और खून निकलने लगा। परिजनों के अनुसार, छात्र को उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उसके सिर में टांके लगाए गए। नानी का आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर स्कूल पहुंचने पर उनके साथ भी अभद्रता की गई और कथित रूप से गाली-गलौज कर वहां से भगा दिया गया। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, छात्र के साथ कथित मारपीट की घटना में कार्रवाई करने तथा स्कूल प्रशासन की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।