SIDHARTHNAGAR NEWS: वरिष्ठ पत्रकार और अवधनामा समाचार पत्र के सिद्धार्थनगर ब्यूरो प्रमुख इरशाद सिद्दीकी का एक भीषण सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया है। यह दुखद घटना पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुल्तानपुर टोल प्लाजा के समीप घटित हुई, जब उनका चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय इरशाद सिद्दीकी गाड़ी में अकेले थे।
इरशाद सिद्दीकी पत्रकारिता जगत का एक जाना-पहचाना और अनुभवी नाम थे। उनकी सिद्धार्थनगर और लखनऊ दोनों स्थानों पर सक्रिय भूमिका रही है। अवधनामा समाचार पत्र के अतिरिक्त, वे कई अन्य प्रतिष्ठित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे थे और विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे। सिद्धार्थनगर जिले के मूल निवासी इरशाद सिद्दीकी की इस असामयिक मृत्यु से उनके इष्ट-मित्रों सहित पूरे पत्रकारिता जगत, विशेषकर उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनके निधन को पत्रकारिता के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है। उनके इष्ट-मित्रों, साथी पत्रकारों, राजनेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
परिजनों के अनुसार, इरशाद सिद्दीकी सिद्धार्थनगर से रूट डायवर्जन के कारण बस्ती-सुल्तानपुर होते हुए लखनऊ जा रहे थे, तभी यह दुखद हादसा हुआ। पुलिस ने घटना का संज्ञान ले लिया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इरशाद सिद्दीकी को आज सिद्धार्थनगर में सुपुर्द-ए-खाक (दफन) किया गया।







