- रेल यात्रा में छूट पुनःलागू करने की मांग
- पत्रकारों को पूर्व की तरह रेल यात्रा में छूट की सुविधा फिर से शुरू की जानी चाहिए
- 25 हजार प्रसार संख्या तक के समाचार पत्रों को लेवी शुल्क से पूरी तरह मुक्त रखने की मांग
Railway News :लखनऊ। ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स फेडरेशन ने रेल यात्रा में छूट पुनःलागू करने व समाचार पत्रों को लेवी शुल्क से मुक्त रखने की मांग की है। फैडरेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश गोयल ने मेरठ में एक विज्ञप्ति में जानकारी दी है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर पत्रकारों को रेल यात्रा में मिलने वाली छूट को फिर से बहाल करने की मांग की है। फेडरेशन ने कहा है कि कोरोना महामारी के दौरान यह सुविधा समाप्त कर दी गई थी, लेकिन अब महामारी का प्रभाव खत्म हो चुका है और आम जनजीवन पटरी पर लौट आया है। ऐसे में पत्रकारों को पूर्व की तरह रेल यात्रा में छूट की सुविधा फिर से शुरू की जानी चाहिए। सरकार से इस दिशा में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और पत्रकारों को रेल यात्रा में छूट का लाभ दुबारा देने की अपील की है।
समाचार पत्रों पर लेवी शुल्क का विरोेध
भारतीय प्रेस परिषद द्वारा समाचार पत्रों पर लगाए जा रहे लेवी शुल्क का भी विरोध किया है। फेडरेशन ने परिषद को पत्र लिखकर मांग की है कि 25 हजार प्रसार संख्या तक के समाचार पत्रों को लेवी शुल्क से पूरी तरह मुक्त रखा जाए। फेडरेशन का कहना है कि नियमों के अनुसार कुल प्रिंटेड प्रतियों पर लेवी शुल्क नहीं लगना चाहिए, बल्कि सिर्फ सर्कुलेटेड प्रतियों पर ही यह शुल्क लागू हो। साथ ही, विज्ञापन दर का निर्धारण भी सर्कुलेशन के आधार पर ही होना चाहिए। राष्ट्रीय महासचिव अशोक कुमार नवरत्न व प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद ने परिषद से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।







