आकर्षक सजावट, पूजन-अर्चन और हवन से भक्तिमय हुआ कोतवाली परिसर, श्रद्धालुओं को वितरित किया गया भोजन प्रसाद
FATEHPUR NEWS: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व जनपद की खागा कोतवाली परिसर में बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कोतवाली परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी सजावट और धार्मिक माहौल के बीच पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। जन्माष्टमी के अवसर पर कोतवाली प्रभारी द्वारा विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन किया गया। पूजन के बाद हवन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पुलिसकर्मियों एवं अन्य उपस्थित श्रद्धालुओं ने आहुति देकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से कोतवाली परिसर गूंज उठा। भक्ति गीतों और धार्मिक वातावरण ने कार्यक्रम को और भी भक्तिमय बना दिया। पुलिसकर्मियों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्र एवं जनपद में शांति, सौहार्द और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आए श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के लिए भोजन प्रसाद की भी व्यवस्था की गई। लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पुलिसकर्मियों और उपस्थित श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। देर रात तक भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गईं और पूरा कोतवाली परिसर जय श्रीकृष्ण और जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंजता रहा।







