Home आस्था श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर थाना सुल्तानपुर घोष में सजी कान्हा जयंती...

श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर थाना सुल्तानपुर घोष में सजी कान्हा जयंती की भव्य झांकी

प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह चंदेल के नेतृत्व में भक्तिमय रहा थाना प्रांगण, रात 12 बजे कृष्ण जन्मोत्सव की मची धूम
FATEHPUR NEWS: श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर थाना सुल्तानपुर घोष प्रांगण में कान्हा जयंती का भव्य आयोजन किया गया। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह चंदेल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पूरा थाना प्रांगण भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। भजन-कीर्तन, राधा-कृष्ण एवं सुदामा की मोहक झांकियों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में हुसैनगंज विधायक एवं सपा नेत्री ऊषा मौर्य के साथ ही उदय प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना सिंह भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। प्रयागराज से आए कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों के साथ सुदामा प्रसंग का मंचन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए मनमोहक नृत्य और भक्ति गीतों पर दर्शक झूम उठे। भजन-कीर्तन के दौरान पूरा थाना परिसर “जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंजता रहा। जैसे ही रात के 12 बजे, भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूम मच गई। इस दौरान “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के उद्घोष से थाना प्रांगण गूंजायमान हो उठा और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का उल्लासपूर्वक उत्सव मनाया। कार्यक्रम के दौरान आए अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई। इसके बाद लोगों ने प्रसाद ग्रहण करने के साथ भोजन भी किया। कार्यक्रम के समापन पर स्थानीय पुलिस ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओं एवं क्षेत्रवासियों का कार्यक्रम में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। थाना परिसर में आयोजित जन्माष्टमी समारोह देर रात तक भक्तिमय और उल्लासपूर्ण माहौल में चलता रहा।