Home उत्तर प्रदेश लगातार बारिश से सौ वर्ष पुराना पीपल का पेड़ धराशायी, मार्ग अवरुद्ध

लगातार बारिश से सौ वर्ष पुराना पीपल का पेड़ धराशायी, मार्ग अवरुद्ध

FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत धाता के वार्ड नंबर-1 अंबेडकर नगर में लगातार हो रही बारिश के चलते करीब 100 वर्ष पुराना विशाल पीपल का पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से मुख्य रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं जिससे अचानक विशालकाय पीपल का पेड़ भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि जिस समय पेड़ गिरा, उस दौरान वहां कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पेड़ की लकड़ियां और टहनियां हटाने का कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पेड़ को रास्ते से हटाकर आवागमन बहाल कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में कई पुराने पेड़ और जर्जर भवन खतरे का कारण बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे पेड़ों और जर्जर संरचनाओं का समय रहते निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।