RANCHI/DHANBAD NEWS: राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड (श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार) क्षेत्रीय निदेशालय, धनबाद के प्रभारी राज किशोर गोप के निर्देशानुसार बनियाहीर, सूरा टांड, झरिया में कोयला श्रमिकों का दो दिवसीय जागरूकता सह पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बोर्ड के क्षेत्रीय निदेशालय द्वारा मंत्रालय के विशेष निर्देश पर इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसका मूल उद्देश्य श्रम शक्ति को जागरूक कर उन्हें केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा तथा कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना है, ताकि असंगठित क्षेत्र के मजदूर उन योजनाओं का समुचित लाभ उठाने के लिए अपना निबंधन करा सकें। वर्तमान में केंद्र सरकार हेल्थ डाटा बैंक का निर्माण कर रही है, जिसके तहत आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा कार्ड) के तहत आम नागरिकों का नि:शुल्क पंजीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना, ई-श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा लेबर कार्ड के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस कार्यक्रम में 107 कोयला श्रमिकों ने भाग लिया तथा 61 श्रमिकों का आभा कार्ड योजना एवं 11 श्रमिकों का असंगठित क्षेत्र के लेबर कार्ड के तहत निबंधन किया गया। इस अवसर पर श्रमिकों को केंद्रीय योजनाओं से संबंधित पम्पलेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में बोर्ड के वरिष्ठ लिपिक स्वपन सोरेन, सुनील कुमार शर्मा, श्रमिक मित्र हेमराज चौहान, दीपा कुमारी साव तथा समाजसेवी शंकर प्रसाद, रवि चौधरी, रूबी देवी, बेबी देवी का सराहनीय योगदान रहा।







