Home उत्तर प्रदेश घरेलू एवं बाहरी मोर्चे पर पूरी तरह विफल है मोदी सरकार:प्रमोद

घरेलू एवं बाहरी मोर्चे पर पूरी तरह विफल है मोदी सरकार:प्रमोद

सांसद प्रमोद तिवारी का ढोल नगाड़ों व गाजे बाजे के साथ पुष्पवर्षा के बीच हुआ जोरदार स्वागत
PRATAPGARH NEWS: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि मोदी सरकार घरेलू एवं बाहरी मोर्चे पर विफलता से जवाबदेही से कतराने के लिए विपक्ष के साथ दमनकारी रवैया अख्तियार कर रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर मोदी सरकार के इशारे पर भाजपा के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष समर्थकों की मदद से देश भर में लगातार फर्जी मुकदमें कायम कराये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में चढ़ावा चंदा चोरी और छात्रों पर पैलट गन का इस्तेमाल करने पर राहुल गांधी सवाल पूछ रहे हैं तब सरकार तानाशाही के जरिये विपक्ष की आवाज को रोकने का असफल प्रयास कर रही है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रामपुर खास के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने अपने स्वागत में उमड़े कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि महंगाई तथा बेरोजगारी व विदेश तथा अर्थनीति में भाजपा की सरकार की असफलता को लेकर वह संघर्ष की आवाज तेज करें। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद पीएम की खामोशी और कमजोर विदेशनीति के कारण पड़ोसी बांग्लादेश तथा पाकिस्तान में हिन्दुओं पर हमले और मंदिर ध्वस्तीकरण की असहनीय घटनाओं में इजाफा जारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे में प्रधानमंत्री की चुप्पी देश के लिए समझ से परे है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि सेवा ट्रस्ट के सीईओ के रूप में एयर मार्शल जीतेन्द्र मिश्र के चयन का सांसद प्रमोद तिवारी ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नये सीईओ से वहां आस्था की सुरक्षा के लिए बेहतर उत्तरदायित्व की उम्मीद है। सांसद प्रमोद तिवारी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बाबा घुइसरनाथ धाम पहुंचकर दर्शन पूजन किया। यहां धार्मिक आयोजन में उन्होंने कहा कि यह पर्व कर्म का प्रधान बताते हुए हमें याद दिलाता है कि मनुष्य के जीवन में कर्म ही सबसे महान है। वहीं सांसद प्रमोद तिवारी ने लालगंज कैम्प कार्यालय पर जन समस्याओं की सुनवाई भी की। देर शाम सांसद प्रमोद तिवारी पैतृक गांव संग्रामगढ़ पहुंचे। यहां वह श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पुस्तैनी मंदिर में आयोजित धार्मिक उत्सव में शामिल हुये। यहां पूर्व प्रमुख पुष्पा देवी, आशीष उपाध्याय, अवनीश शर्मा, अरूण तिवारी आदि ने राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल भी मौजूद रहे।