FATEHPUR NEWS: हसवा ब्लॉक क्षेत्र में रामपुर-थरियांव से गुजरने वाले पुराने जीटी रोड और असोथर मार्ग की हालत लगातार बारिश के बाद काफी खराब हो गई है। करीब दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार वर्ष 2023 में इस सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन भारी वाहनों के लगातार आवागमन और पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क फिर से जर्जर हो गई। यह मार्ग यमुना कटरी क्षेत्र के करीब 70 गांवों और मजरों को जोड़ता है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इसके चलते दोपहिया वाहन चालक आए दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं। बाइक, ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। दुर्घटनाओं के साथ ही वाहनों के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग पर सड़क की मरम्मत में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मरम्मत के दौरान केवल मिट्टी और गिट्टी डालकर काम पूरा कर दिया गया था, जो पहली ही बारिश में बह गई और सड़क की हालत फिर खराब हो गई। कई स्थानीय निवासियों ने बताया कि पानी भरे गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे बाइक सवार अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। वहीं अन्य ने कहा कि बच्चों को स्कूल ले जाने और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी दिक्कत होती है। खराब सड़क के कारण कई बार मार्ग पर जाम की स्थिति भी बन जाती है। ग्रामीणों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।







