FATEHPUR NEWS: क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नगर पंचायत से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलभराव की स्थिति बनी हुई है। धाता विद्युत उपकेंद्र के अंदर और बाहर करीब एक से दो फुट तक पानी भर गया है, जिससे बिजली विभाग की चिंता बढ़ गई है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और जलस्तर बढ़ा तो उपकेंद्र में लगे विद्युत उपकरणों तक पानी पहुंचने की आशंका है। ऐसी स्थिति में क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। जलभराव और बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से ही बिजली की आवाजाही की समस्या बनी हुई है। लगातार बारिश के चलते नगर पंचायत के कई मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में रास्ते जलमग्न हो गए हैं। घरों के आसपास पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कई गांवों में खेतों और खाली स्थानों पर भी पानी जमा हो गया है। रास्तों पर जलभराव के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धाता विद्युत उपकेंद्र परिसर में पानी भरने से विभागीय कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई है। उपकेंद्र के उपकरणों तक पानी पहुंचने की स्थिति में बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। उधर, नगर पंचायत की ओर से जलभराव वाले स्थानों से पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि पानी निकासी के लिए विभिन्न स्थानों पर पनचक्कियां लगाई गई हैं। इनके माध्यम से गांवों और आबादी वाले क्षेत्रों में जमा पानी बाहर निकाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि लोगों को अधिक परेशानी न हो।







