PRATAPGARH NEWS: हथिगवां थाना के अंतर्गत जन्मदिन की खुशी में कानून और सड़क सुरक्षा की हदें पार करना दो युवकों को भारी पड़ गया। पुरनेमऊ-बेंती मार्ग पर कार और कई दोपहिया वाहनों से सड़क घेरकर खतरनाक स्टंटबाजी की गई। हद तो तब हो गई जब कार की छत पर खड़े होकर रील बनाई गई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद हथिगवां पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश पासी और विकास पासी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, इस हरकत से आम राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ी और यातायात भी बाधित हुआ। मामले में धारा 281, 125, 292 और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। रील के कुछ सेकंड के लिए सड़क पर मौत का खेल। अब पुलिस की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि लाइक-कमेंट के लिए सड़क पर स्टंट करने वालों को वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई भी झेलनी पड़ेगी।







