Home उत्तर प्रदेश दिल्ली में नन्हीं आर्या का सम्मान, ‘पद्म श्री गौरव सम्मान’ से हुई...

दिल्ली में नन्हीं आर्या का सम्मान, ‘पद्म श्री गौरव सम्मान’ से हुई सम्मानित

पांच साल की उम्र में राष्ट्रीय मंच पर मिली पहचान, किशनपुर के लिए गर्व का पल
FATEHPUR NEWS: प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, इसे किशनपुर के वार्ड नंबर 07 स्थित अग्रवाल मोहल्ला निवासी पांच वर्षीय आर्या अग्रवाल ने साबित कर दिखाया है। नन्हीं आर्या ने राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल कर अपने परिवार के साथ-साथ किशनपुर कस्बे और यमुनाकटरी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रविवार को नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में आर्या अग्रवाल को ‘पद्म श्री गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। दी गई जानकारी के अनुसार, यह सम्मान उनके सामाजिक सरोकारों, मानवीय मूल्यों के प्रति संवेदनशीलता और सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों को देखते हुए प्रदान किया गया। आर्या को यह सम्मान भारत सरकार के कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय में पंजीकृत संस्था द ज़ेनिथ इंटरनेशनल इम्पैक्ट अवार्ड काउंसिल की ओर से दिया गया। संस्था ने आर्या को ‘चाइल्ड प्रॉडिजी’ यानी असाधारण प्रतिभा श्रेणी में चयनित किया। सम्मान के दौरान संस्था की ओर से आर्या की नेतृत्व क्षमता, करुणा, सामाजिक जिम्मेदारी और कम उम्र में बेहतर सोच जैसे गुणों की सराहना की गई। आयोजकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और सेवा भावना का विकसित होना प्रेरणादायक है। आर्या को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलने की खबर किशनपुर पहुंचते ही परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों ने आर्या तथा उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बताते चलें कि पांच वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल करने वाली आर्या की उपलब्धि को किशनपुर और यमुनाकटरी क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि ने यह संदेश भी दिया है कि प्रतिभा और सकारात्मक सोच के लिए उम्र कोई बाधा नहीं होती।