Home उत्तर प्रदेश रसोइयों का सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण समारोह आयोजित

रसोइयों का सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण समारोह आयोजित

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) रविवार को विधानसभा मड़िहान के तहसील मड़िहान सभागार में “स्वस्थ बच्चे, खिलता बचपन, सही पोषण से प्रदेश रोशन” के तहत प्रधानमंत्री पोषण योजना में कार्यरत रसोइयों का सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक  रमाशंकर सिंह पटेल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल संबोधन को सुनकर किया गया। इसके पश्चात विधायक ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास की ओर बढ़ रहा है। बेसिक शिक्षा परिषद के रसोइयों के हित में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000, ₹5 लाख तक के कैशलेस चिकित्सा उपचार की सुविधा, ₹2 लाख का दुर्घटना बीमा तथा यूनिफॉर्म/साड़ी के लिए मिलने वाली धनराशि ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 की है।
उन्होंने कहा कि रसोइये विद्यालयों में बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन करते हैं। सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विधायक ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों का कायाकल्प कर बेहतर भवन, पुस्तकालय, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बालक-बालिकाओं के लिए अलग शौचालय, खेलकूद सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। इसके पश्चात विधायक ने रसोइयों को सांकेतिक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी संतोष ओझा,खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक,रसोइये एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।