PRATAPGARH NEWS: विकासखण्ड बाबागंज में रविवार, 23 अगस्त 2026 को ब्लॉक सभागार बाबागंज में रसोइया सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकासखण्ड के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत भोजन माताओं को उनके समर्पण, मेहनत एवं विद्यालयों में बच्चों के लिए पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलदीप पटेल प्रतिनिधि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतापगढ़ रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रामयश सरोज प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख बाबागंज उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन आशीष मिश्र खण्ड शिक्षा अधिकारी बाबागंज ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं नियमित उपस्थिति में रसोइया माताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनका कार्य केवल भोजन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे विद्यालयी परिवेश को आत्मीय बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। कार्यक्रम का संचालन सौरभ सिंह, प्रभारी प्रधानाध्यापक, उच्च प्राथमिक विद्यालय गुज़वर ने किया। तकनीकी सहयोग बबलू सोनी एवं श्री राहुल मौर्य, एआरपी बाबागंज द्वारा प्रदान किया गया। समारोह को सफल बनाने में संजय सरोज, पंकज सिंह, मयंक तिवारी एवं उत्सव राज पाण्डेय का सहयोग रहा। वहीं कार्यालयीय व्यवस्थाओं में शंकर लाल, राम भवन एवं शैलेन्द्र कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में विकासखण्ड के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत बड़ी संख्या में भोजन माताओं ने प्रतिभाग किया। अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा भोजन माताओं को सम्मानित करते हुए उनके कार्य की सराहना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने विद्यालयों में बच्चों के पोषण एवं बेहतर शैक्षिक वातावरण के निर्माण में रसोइया माताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य भोजन माताओं के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ उनके मनोबल को बढ़ाना और विद्यालयी व्यवस्था में उनके योगदान को पहचान दिलाना रहा। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।







