Home उत्तर प्रदेश त्योहारों को लेकर बढ़नी में पुलिस का फ्लैग मार्च, सीओ ने परखे...

त्योहारों को लेकर बढ़नी में पुलिस का फ्लैग मार्च, सीओ ने परखे जुलूस के रास्ते

SIDHARTHNAGAR NEWS: आगामी त्योहारों बारावफात, रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को शोहरतगढ़ क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी के नेतृत्व में ढेबरुआ थाने और बढ़नी चौकी की पुलिस टीम ने कस्बे के मुख्य बाजारों व संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने त्योहारों पर निकलने वाले पारंपरिक जुलूस मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। सीओ ने कस्बे के प्रमुख चौराहों, तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मातहतों को निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद कर त्योहारों को शांति व सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान ढेबरुआ प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद, बढ़नी चौकी प्रभारी वीरेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल धीरेंद्र प्रताप सिंह सहित थाने व चौकी के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।