Home उत्तर प्रदेश जेल जाने की परवाह नहीं, भानू सहाय ने फूंके पीएम, गृहमंत्री व...

जेल जाने की परवाह नहीं, भानू सहाय ने फूंके पीएम, गृहमंत्री व रक्षामंत्री के पुतले

JHANSI NEWS: बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने एक बार फिर आंदोलन तेज कर दिया। मोर्चा अध्यक्ष भानू सहाय ने अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार प्रधानमंत्री, गृहमंत्री एवं रक्षामंत्री के तीन अलग-अलग पुतलों का दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बुंदेलखंड राज्य निर्माण के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। भानू सहाय ने कहा कि प्रभु राम को साक्षी मानकर तीन वर्ष के भीतर बुंदेलखंड राज्य बनवाने का वचन बुंदेलियों से दिया गया था, लेकिन 12 वर्ष बीत जाने के बाद भी राज्य निर्माण की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हुई। इससे बुंदेलखंड की जनता में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि करीब एक माह पूर्व भी प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रक्षामंत्री के पुतले दहन किए गए थे, जिसके बाद उन्हें जेल भेजा गया था। इसके बावजूद उन्होंने जेल जाने की परवाह न करते हुए दोबारा पुतला दहन किया। इस दौरान “कसम राम की खाते हैं, बुंदेलखंड राज्य बनवाएंगे” और “बुंदेलखंड तो लेंगे-लेंगे, जैसे दोगे वैसे लेंगे” जैसे नारे लगाए गए। पुतला दहन के बाद मोर्चा अध्यक्ष ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के आंदोलन और वार्ता संबंधी बयान का हवाला देते हुए कहा कि सरकार भले ही आंदोलन के बाद वार्ता करे या न करे, लेकिन उनका अपना संगठन भी आज तक बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा से वार्ता के लिए आगे नहीं आया है। उन्होंने दावा किया कि झांसी सदर एवं चरखारी विधायकों समेत उत्तर प्रदेश के दो अन्य विधायक तथा मध्य प्रदेश के दो विधायक बुंदेलखंड राज्य निर्माण के लिए सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने अन्य सांसदों और विधायकों से भी राज्य निर्माण के समर्थन में आगे आने की अपील की। भानू सहाय ने कहा कि आगामी लोकसभा के शीतकालीन सत्र से पहले उन सांसदों एवं विधायकों के पुतले फूंके जाएंगे, जिन्होंने प्रधानमंत्री को बुंदेलखंड राज्य निर्माण के समर्थन में पत्र नहीं लिखा होगा। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण की मांग को लेकर मोर्चा का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।