BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) प्रदेश के पीआरडी जवानों के कल्याण एवं उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मंगलवार को योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ताल, गोरखपुर में पीआरडी जवान सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदेश के सभी 75 जनपदों में किया गया। इसी क्रम में जनपद बलरामपुर में विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी सहित जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए बड़ी संख्या में पीआरडी जवानों ने प्रतिभाग किया तथा मुख्यमंत्री के संबोधन एवं घोषणाओं का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना। सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा पीआरडी जवानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। पीआरडी जवानों को ₹5 लाख तक की निःशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने की घोषणा के साथ ही उनके वर्तमान मानदेय में ₹100 प्रतिदिन की वृद्धि की घोषणा की गई। इस वृद्धि के फलस्वरूप पीआरडी जवानों का मानदेय ₹500 प्रतिदिन से बढ़कर ₹600 प्रतिदिन हो जाएगा। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से पीआरडी जवानों को आर्थिक संबल मिलने के साथ ही उनके एवं उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में उपस्थित पीआरडी जवानों ने मानदेय वृद्धि एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त की।
विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक तुलसीपुर श्री कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। पीआरडी जवान विभिन्न अवसरों पर प्रशासन एवं पुलिस के सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हैं। मानदेय में वृद्धि तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किए जाने का निर्णय पीआरडी जवानों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, बलरामपुर की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में जनपद के सभी विकास खंडों से आए पीआरडी जवानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शक्ति मिश्र, मनोज कुमार सरोज, वरिष्ठ सहायक सैय्यद इमाम हुसैन रिजवी तथा पीआरडी जवान ठाकुर प्रसाद पाण्डेय, राज कुमार गुप्ता, रवि शंकर पाण्डेय, अरुण कुमार तिवारी, जितेन्द्र कुमार, ओम प्रकाश यादव, शफिक एम. सहित अन्य पीआरडी जवान एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







