Home उत्तर प्रदेश संगठन सृजन अभियान से बूथ स्तर तक मजबूत होगी कांग्रेस, एआईसीसी ऑब्जर्वर...

संगठन सृजन अभियान से बूथ स्तर तक मजबूत होगी कांग्रेस, एआईसीसी ऑब्जर्वर अमित विज ने बताई कार्ययोजना

SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत जिला कांग्रेस कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। जनपद के लिए नियुक्त एआईसीसी ऑब्जर्वर, पंजाब के पठानकोट से पूर्व विधायक एवं पंजाब कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अमित विज ने अभियान के उद्देश्यों और रूपरेखा की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यह अभियान पार्टी को बूथ स्तर तक सशक्त करने, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद बनाने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित जिम्मेदारी सौंपने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत जिले के प्रत्येक ब्लॉक में बैठकें कर कार्यकर्ताओं के सुझावों के आधार पर संगठन को विस्तार दिया जाएगा. अमित विज ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस का वास्तविक आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाना है। अभियान के तहत ब्लॉक, न्याय पंचायत, ग्राम और बूथ स्तर तक नए व ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को जोड़कर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान यूपीसीसी ऑब्जर्वर देवेन्द्र श्रीवास्तव, अनुज कुमार सिंह और जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।