अंबापुर-बराई खुर्द में आयोजित शिविर में छड़ी, कान की मशीन, व्हीलचेयर व कमोड चेयर समेत 12.30 लाख रुपये के उपकरण वितरित
FATEHPUR NEWS: सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा अंबापुर-बराई खुर्द में बुजुर्गों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय बायोश्री योजना के तहत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 203 पात्र बुजुर्गों को उनकी आवश्यकता के अनुसार छड़ी, कान की मशीन, व्हीलचेयर, कमोड चेयर समेत विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। लाभार्थियों को करीब 12.30 लाख रुपये की कीमत के उपकरण उपलब्ध कराए गए। शिविर का आयोजन भाजपा युवा नेता अजय सिंह रिंकू लोहारी के प्रयासों से किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और उनके सम्मान, सुविधा एवं बेहतर जीवन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय बायोश्री योजना के माध्यम से जरूरतमंद बुजुर्गों को उनकी दैनिक आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें रोजमर्रा के कार्यों में सहूलियत मिल सके। रिंकू लोहारी ने बताया कि सदर विधानसभा क्षेत्र में अब तक करीब 15 हजार बुजुर्गों को इस अभियान का लाभ दिलाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अभियान किसी एक गांव या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पात्र बुजुर्गों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक फतेहपुर जनपद के प्रत्येक पात्र बुजुर्ग को योजना का लाभ नहीं मिल जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि सदर विधानसभा क्षेत्र की गौरा कला समेत अन्य ग्राम सभाओं में भी जल्द नए शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में पात्र बुजुर्गों का चयन कर उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता महेंद्र लोधी तथा ग्राम प्रधान बराई खुर्द की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कैंप के आयोजन से लेकर लाभार्थियों को उपकरण उपलब्ध कराने तक वितरण व्यवस्था में सहयोग किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्ग लाभार्थी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। इस अवसर पर पूर्व विधायक विक्रम सिंह, निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल, जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता अजय सिंह रिंकू लोहारी समेत अन्य कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और आयोजकों ने बुजुर्गों को सहायक उपकरण प्रदान कर उनके स्वस्थ एवं बेहतर जीवन की कामना की।







