MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) नाग पंचमी के पावन अवसर पर श्री गुरुदेव नगर आश्रम में भव्य झूला उत्सव आयोजित किया गया। सभी भक्तों ने स्वामी जी का आशीर्वाद लिया। गढ़वा घाट के स्वामी शरणानंद जी महाराज ने झूला झूलकर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। स्वामी जी के दर्शन के लिए सुबह से ही आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नेपाल, गुजरात, काठमांडू, राजस्थान, मुंबई, महाराष्ट्र सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में भक्त आश्रम पहुंचे। वहीं रैकरी, रैकरा, पत्थरखुरा, कलवारी, धूरकर समेत आसपास के गांवों से भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने स्वामी जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आश्रम में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को विधि-विधान से आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। पूरे दिन आश्रम परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मौके पर मौजूद रहा। पुलिस एवं प्रशासनिक टीम ने मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर नजर बनाए रखी, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मलिकार, रहबर दर्शनानंद, धर्मजोगानंद, ब्रह्म विद्याप्रकाशानंद, विशाल सेवानंद, भगवत दर्शनानंद, चरण ध्यानानंद, पूर्णज्ञानानंद, सहज प्रकाशानंद, नैनदास, प्रभु दयाल, गुरुदयाल, विवेक पाल, योगेंद्र पाल, अंकित पटेल सहित अन्य श्रद्धालु एवं सेवादार मौजूद रहे। नाग पंचमी पर आयोजित झूला उत्सव, स्वामी जी के दर्शन और भंडारे में शामिल होने के लिए दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। देर शाम तक आश्रम परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही और पूरा क्षेत्र आस्था एवं भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।







