Home आस्था कांवड़ियों की सेवा में लगे रहे फरमानुल हक, दिया हिंदू-मुस्लिम एकता का...

कांवड़ियों की सेवा में लगे रहे फरमानुल हक, दिया हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश

नौबस्ता रोड पर आयोजित भंडारे में सपा नेता ने की सेवा
FATEHPUR NEWS: सावन के पावन अवसर पर कांवड़ यात्रा के दौरान नौबस्ता रोड पर बब्लू मौर्य की ओर से आयोजित भंडारे में समाजवादी पार्टी के नेता एवं ऐरायां सादात गांव के ग्राम प्रधान/प्रशासक फरमानुल हक ने पहुंचकर कांवड़ियों की सेवा की। उन्होंने भंडारे में प्रसाद वितरण करने के साथ ही कांवड़ियों को भोजन कराया और उनकी सेवा में अपना योगदान दिया। इस दौरान उनका यह सेवा भाव हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की मिसाल के रूप में नजर आया। फरमानुल हक पूर्व में हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी अध्यक्ष भी रह चुके हैं। धार्मिक आयोजन के दौरान कांवड़ियों की सेवा करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की खूबसूरती उसकी गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे में है। अलग-अलग धर्म और समुदाय के लोग एक-दूसरे के धार्मिक आयोजनों का सम्मान करें, यही समाज को मजबूत बनाने का रास्ता है। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर ओछी राजनीति करने वालों के मुंह पर आपसी भाईचारा करारा जवाब है। समाज में नफरत और जहर घोलने का प्रयास करने वालों को सामाजिक एकजुटता के माध्यम से जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का सम्मान होना चाहिए और सभी लोगों को मिल-जुलकर भाईचारे की मिसाल कायम करनी चाहिए। भंडारे में बड़ी संख्या में पहुंचे कांवड़ियों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं आयोजन में मौजूद लोगों ने भी कांवड़ियों की सेवा में सहयोग किया। फरमानुल हक काफी समय तक भंडारे में मौजूद रहकर सेवा कार्य में जुटे रहे। इस दौरान आपसी सद्भाव, प्रेम और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में इस तरह सभी समुदायों के लोगों की सहभागिता समाज में सकारात्मक संदेश देती है। कांवड़ियों की सेवा के माध्यम से फरमानुल हक ने न केवल मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया, बल्कि आपसी सौहार्द और हिंदू-मुस्लिम एकता का भी संदेश दिया।