Home उत्तर प्रदेश श्रावण मास के तृतीय सोमवार पर नौबस्ता गंगा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं...

श्रावण मास के तृतीय सोमवार पर नौबस्ता गंगा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

FATEHPUR NEWS: श्रावण मास के तृतीय सोमवार पर थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक नौबस्ता गंगा घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते घाट पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई और पूरा गंगा तट ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ तथा ‘गंगा मैया की जय’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर मां गंगा का पूजन किया। स्नान के बाद घाट पर स्थित शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर सुख-समृद्धि, आरोग्य और परिवार की खुशहाली की कामना की। तृतीय सोमवार होने के कारण बड़ी संख्या में कांवड़िए भी नौबस्ता गंगा घाट पहुंचे और गंगाजल भरकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। कांवड़ियों की मौजूदगी से घाट का वातावरण पूरी तरह शिवमय नजर आया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सुल्तानपुर घोष थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह पुलिस बल के साथ नौबस्ता गंगा घाट पहुंचे। उन्होंने घाट परिसर का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने उपनिरीक्षकों एवं आरक्षियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने के साथ भीड़ को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने घाट पर तैनात नाविकों एवं गोताखोरों को भी अलर्ट रहने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं से सुरक्षित घेरे में ही स्नान करने तथा गहरे पानी में न जाने की अपील की गई। पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में गंगा स्नान, पूजन-अर्चन और जलाभिषेक किया।