Home उत्तर प्रदेश पंडित चंद्रिका प्रसाद इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस

पंडित चंद्रिका प्रसाद इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस

देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, शहीदों के बलिदान को किया याद

FATEHPUR NEWS: पंडित चंद्रिका प्रसाद इंटर कॉलेज, हुसैनगंज में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को तिरंगे झंडों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय में ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा देश के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता पाठ एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना पैदा कर दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से गूंजता रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य इंद्रपाल ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी अनगिनत वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और शिक्षा के माध्यम से वे समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शिक्षक सुरेश सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अनुशासन, संस्कार, मेहनत और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में देश की जिम्मेदारियों को संभालेंगे, इसलिए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम के सभी ज्ञात-अज्ञात वीरों को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए सदैव योगदान देने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय में पूरे दिन उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा। इस मौके पर अतुल सिंह, मनोज सिंह, राम सुचित बिंदु, दीप सिंह, जंग बहादुर, ब्रजेश त्रिपाठी, राकेश शुक्ल, योगेंद्र सिंह, आशीष यादव, जयकरन  वर्मा, गीता कुमारी, आशु यादव, फूल चंद्र यादव, माधुरी पटेल समस्त स्टाप के साथ अभिभावक मौजूद रहे।