लाभांश बढ़ने से कोटेदारों में दिखी खुशी
FATEHPUR NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि एवं ई-पॉश आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली के शुभारंभ कार्यक्रम का सोमवार को जनपद फतेहपुर की सभी छह विधानसभाओं में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में देखा और सुना गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के समस्त उचित दर विक्रेताओं को पूर्व में दिए जा रहे 90 रुपए प्रति क्विंटल के लाभांश में 35 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की घोषणा की। इसके बाद उचित दर विक्रेताओं को कुल 125 रूपए प्रति क्विंटल लाभांश मिलेगा। इसके साथ ही सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉश आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया गया। विधानसभा सदर के विकासखंड तेलियानी में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, पूर्व विधायक विक्रम सिंह एवं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की उपस्थिति में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। अयाहशाह विधानसभा के विकासखंड बहुआ में विधायक विकास गुप्ता, जहानाबाद विधानसभा के विकासखंड खजुहा में विधायक राजेंद्र सिंह पटेल तथा बिंदकी विधानसभा के विकासखंड मलवां में विधायक जय कुमार सिंह जैकी एवं मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ। इसी प्रकार खागा विधानसभा के विकासखंड विजयीपुर में ब्लॉक प्रमुख हसवा विकास पासवान तथा हुसैनगंज विधानसभा के विकासखंड हथगाम में पूर्व विधायक रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह की उपस्थिति में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। लाभांश में वृद्धि की घोषणा पर जनपद के उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विधानसभावार उपस्थित जनप्रतिनिधियों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), संबंधित उप जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







