Home उत्तर प्रदेश हथगाम-थरियांव मार्ग निर्माण की मांग को लेकर बंदीपुर चौराहे पर जाम

हथगाम-थरियांव मार्ग निर्माण की मांग को लेकर बंदीपुर चौराहे पर जाम

एक्सईएन, एसडीएम और सीओ से वार्ता के बाद चेतावनी के साथ धरना समाप्त
FATEHPUR NEWS: हथगाम-थरियांव मार्ग के चौड़ीकरण, पुनर्निर्माण एवं सड़क किनारे इंटरलॉकिंग फुटपाथ निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को आंदोलन के आठवें दिन ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। बाबू सिंह खरहरा, केतकी यादव एवं शिव सिंह सागर के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने बंदीपुर चौराहे पर सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ट्रैक्टर खड़े कर करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रखा, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। आंदोलन को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, युवा जिलाध्यक्ष विवेक सिंह एडवोकेट तथा रामदल अध्यक्ष आगेंद्र साहू उर्फ रानू साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने समर्थन दिया। सपा विधायक ऊषा मौर्य के प्रतिनिधि विकल्प मौर्य भी धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों की मांगों का समर्थन किया। जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एसडीएम अश्वनी पांडेय, सीओ थरियांव दुर्गेश दीप और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने आंदोलनकारियों से वार्ता की। आंदोलनकारियों ने सड़क चौड़ीकरण, पुनर्निर्माण और गड्ढों की समुचित मरम्मत सहित विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। वार्ता के दौरान पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए राज्य स्तर पर पहल की जाएगी। फिलहाल सड़क के गड्ढों से पानी निकालकर उनकी मरम्मत एवं भराई कराई जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने चेतावनी के साथ आठवें दिन धरना समाप्त कर दिया। साथ ही कहा कि मांगों पर ठोस कार्रवाई न होने पर आंदोलन दोबारा तेज किया जा सकता है।
विधायक प्रतिनिधि विकल्प मौर्य ने दिया समर्थन
सड़क चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में समाजवादी पार्टी की विधायक ऊषा मौर्य के पुत्र एवं प्रतिनिधि विकल्प मौर्य भी धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों को समर्थन दिया। उनके साथ राम नारायण मौर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे। विकल्प मौर्य अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के दौरान भी आंदोलनकारियों के साथ रहे और आगे भी जनहित के आंदोलन में सहयोग का भरोसा दिलाया।