Home उत्तर प्रदेश खीरी क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, तिरंगे के...

खीरी क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, तिरंगे के रंग में रंगा पूरा क्षेत्र

PRAYAGRAJ NEWS: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खीरी थाना क्षेत्र में देशभक्ति और उल्लास का माहौल रहा। सरकारी संस्थानों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, बाजारों और निजी प्रतिष्ठानों में शान से तिरंगा फहराया गया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, ग्रामीणों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। क्षेत्र में थाना खीरी परिसर, संविलियन विद्यालय खीरी, संविलियन विद्यालय जोरवट, न्यू एरा पब्लिक स्कूल जोरवट, उच्च प्राथमिक विद्यालय खरका खास, सरस्वती शिशु मंदिर खीरी, ग्राम पंचायत मिनी सचिवालय खीरी, अमृत सरोवर खीरी, ग्राम पंचायत बसगढ़ी, ग्राम सभा टोंगा, ओम ट्रेडिंग कंपनी खीरी व बरेठी समेत विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। राष्ट्रगान और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो उठा।
थाना परिसर में फहराया तिरंगा
थाना खीरी परिसर में प्रभारी निरीक्षक वीर प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
ओटीसी परिसर में भी हुआ ध्वजारोहण
ओम ट्रेडिंग कंपनी (ओटीसी) परिसर में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय मंत्री ओंकार नाथ केसरवानी तथा जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा महिला मोर्चा, काशी क्षेत्र की सदस्य कुसुम देवी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
मिनी सचिवालय और अमृत सरोवर पर कार्यक्रम
ग्राम पंचायत खीरी में ग्राम प्रधान मोहम्मद यूसुफ के नेतृत्व में मिनी सचिवालय परिसर एवं अमृत सरोवर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। अमृत सरोवर परिसर में क्षेत्रीय संभ्रांत नागरिक लखेश्वरी द्विवेदी ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। ग्राम प्रधान के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बसगढ़ी में भी गूंजा राष्ट्रगान
ग्राम सभा बसगढ़ी के ग्राम सचिवालय में ग्राम प्रधान अशोक पाल के नेतृत्व में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान कार्यक्रम हुआ। ग्रामीणों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
सैकड़ों युवाओं ने निकाली विशाल तिरंगा रैली
स्वतंत्रता दिवस पर अधिवक्ता निशांत शुक्ल के नेतृत्व में खीरी बाजार से गन्ने टोल प्लाजा तक डीजे के साथ विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में सैकड़ों युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया। देशभक्ति नारों और राष्ट्रप्रेम के उत्साह से पूरा मार्ग गूंज उठा।
विद्यालयों में भी विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की गरिमा बढ़ाई। पूरे दिन चले विभिन्न आयोजनों ने क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, देशप्रेम और लोकतांत्रिक मूल्यों की भावना को मजबूत किया।